मध्य प्रदेश

लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में उमड़ा जनसैलाब

कलाकारों की शानदार प्रस्तुति पर मंत्रमुग्ध हुए दर्शक, जीवंत हो उठा इतिहास

बुरहानपुर-लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बुरहानपुर के सुभाष स्कूल ग्राउंड में गुरुवार को“राष्ट्रसमर्था अहिल्याबाई होलकर” की नाट्य प्रस्तुति हुई। यहाँ 45 कलाकारों द्वारा दी गई नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से देवी अहिल्याबाई होलकर की जीवनी का इतिहास वर्तमान में जीवंत हो उठा। महाराष्ट्र से आए कलाकारों ने सबसे पहले भगवान गणेश की स्तुति प्रस्तुत की। इसके बाद देवी अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की। इसमें उनके बचपन से लेकर होलकर राजवंश संभालने और मंदिरों के जीर्णोद्धार की कहानी को दर्शाया गया। नाटय की लेखिका विश्व मांगल्य सभा की राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. वृषाली जोशी तथा निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक सुबोध सुर्जिकर ने किया हैं।
नाट्य मंचन के पूर्व समारोह को संबोधित करते हुए विश्व मांगल्य सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रेखा खंडेलवाल ने कहा कि विश्व मांगल्य सभा मुख्य रूप से चार कार्यों पर कार्य करने की बात कहती है। इनमें सेवा, सदाचार, सामर्थ्य और संस्कार शामिल हैं। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन से प्रेरणा लेकर आज की आधुनिकता को अपनाते हुए उनके संस्कार, उनकी प्रेरणा हमे अपने परिवार में ढालना चाहिए। देवी अहिल्याबाई के जीवन और उनके प्रेरणादायक कार्यों को प्रस्तुत करने वाला यह महानाट्य समाज के लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
विश्व मांगल्य सभा मालवा प्रांत संयोजिका श्रीमती जयश्री ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा की देवी अहिल्या बाई होलकर की जीवनी भारत के संस्कृति की परिचायक है जो बताता है कि भारत कि स्त्री जब आदिदेव महादेव शिव को हाथों में रख कर जब एक योद्धा बनती है तो बड़े -बड़े आक्रांता पीछे हट जाते हैं । एक शासक के तौर पर देवी अहिल्याबाई होलकर ने जिस तरह से साम्राज्य की सुरक्षा की और भारत की संस्कृति की रक्षा के साथ साथ उसका विस्तार किया आज भारत की हर बेटी हर स्त्री को अपने अंदर की अहिल्याबाई को जगाना होगा । विश्व मांगल्य सभा की क्षेत्र संगठन मंत्री सुश्री पूजा पाठक ने कहा कि विश्व मांगल्य सभा घर-घर मातृत्व और नारीत्व निर्माण का कार्य कर रहा है । विश्व मांगल्य सभा की स्थापना 19 जनवरी 2010 को हुई जो देश में राष्ट्रीय स्तर पर एक महिला जन संगठन के रूप में काम कर रही है । अपने विशिष्ट कार्यपद्धति से भारत की स्त्री वर्ग को “माँ” अभिव्यक्ति के साथ एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रही है । सीधी विधायक श्रीमती रीति पाठक ने कहा कि आधुनिकता से समन्वय बनाते हुए भारत की आध्यात्मिक , राष्ट्रीय ,पारंपरिक गृहरचना और महापुरुषों को जन्म देने वाली शक्ति केंद्र बने यह समय की माँग है । भारत के देश -धर्म के काम से परिपूर्ण , सौभाग्यशाली , तेजस्वी माता का घर -घर में निर्माण हो ये विश्व मांगल्य सभा का मुख्य उद्देश्य है । सामाजिक उत्थान और देश में सुसंस्कृत और नैतिकता से परिपूर्ण समाज बनाने के उद्देश्य से विश्व मांगल्य सभा वैश्विक महिला संगठन महिलाओं में मातृत्व की भावना जागृत करने का कार्य कर रही है । बुरहानपुर विश्व मांगल्य सभा जिला अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा महाजन ने कहा कि विश्व मांगल्य सभा पूरे देश में सुदृढ़ एवं सक्षम मातृत्व निर्माण का कार्य कर रहा है। देव, देश व धर्म से परिपूर्ण मातृत्व का निर्माण ही विश्वमांगल्य सभा का उद्देश्य है। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सैलजा यादव ने किया
दीप्ति भाके ने अहिल्याबाई की भूमिका में अद्भुत अभिनय किया। वहीं अन्य कलाकारों ने भी नृत्य, संगीत और वेशभूषा के माध्यम से प्रस्तुति को यादगार बना दिया। इस आयोजन ने शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोग इस नाट्य प्रस्तुति के प्रभावशाली अभिनय और उत्कृष्ट मंचन की प्रशंसा करते नजर आए। इस दौरान अहिल्या बाई के जीवन पर आधारित विस्मरणीय प्रसंगों को नाटक के माध्‍यम से प्रस्‍त‍ुति दी गई। कलाकारों द्वारा अहिल्या बाई का बचपन, विवाह, शिक्षा, शस्त्र, शास्त्र तथा न्याय एवं युद्ध विद्या पर आधारित प्रस्तुतियां दी गई। साथ ही अहिल्याबाई के राज दरबार को दर्शाया गया। विश्व मांगल्य सभा बुरहानपुर की ओर से प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का शील्ड देकर स्वागत अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में खंडवा लोकसभा सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेन्द्र दादु, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस,,महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल,पूर्व महापौर श्री अतुल पटेल,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती किरण रायकवार,श्रीमती सुधा चौकसे, श्रीमती वीणा सांगलीकर, श्रीमती करुणाभट्ट,पार्षदगण,जनप्रतिनिधिगण,कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमती पल्लवी पुराणिक सहित हज़ारों की संख्या में जनमानस मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!